हिंदी समाचार

मां-बाप को पीटा, सिलेंडर से कूचा और गला रेत दिया:बहन बोली- दोनों अधमरे होकर जमीन पर गिर गए थे; वो आराम से बैठा और गला काट दिया

मां-बाप के इनकार करने पर उसने पहले दोनों के साथ

मुजफ्फरपुर में एक बेटे ने संपत्ति विवाद में अपने ही मां-बाप की बेरहमी से हत्या कर दी। जिले के पारू थाना क्षेत्र के खुटाहीं में युवक शनिवार सुबह अपने माता-पिता से संपत्ति में हिस्सा मांग रहा था। मां-बाप के इनकार करने पर उसने पहले दोनों के साथ मारपीट की। उसके बाद सिलेंडर से एक-एक कर दोनों को कूचा। इसके बाद आराम से बैठकर दोनों का गला रेत दिया।

यही नहीं उसने बीच बचाव करने गई अपनी बहन की भी हत्या करने की कोशिश की लेकिन, वह बचकर भाग निकली। भाभी ने शोर मचाते हुए लोगों को इसकी जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलते ही काफी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। आरोपी बचकर भागने का प्रयास करने लगा। लेकिन, लोगों ने घर के दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया, जिससे वह घर में ही कैद हो गया। आरोपी घर के अंदर से लोगों को धमकी दे रहा था।

मरने वालों की पहचान शंभू सहनी (70) और उसकी पत्नी शारदा देवी (65) के रूप में हुई। आरोपी अजय सहनी तीन भाइयों में मंझला है। उसके बड़े भाई संजय सहनी और छोटे भाई विजय सहनी की शादी हो गई है। अजय अविवाहित है।

घटना की सूचना पर पारू, देवरिया समेत चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी अजय को हिरासत में लिया। इस दौरान भीड़ काफी उग्र हो गयी। भीड़ ने अजय को पुलिस हिरासत से छीनने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस के आगे लोगों की नहीं चली। घटना को लेकर गांव में काफी तनाव है। लोग आरोपी को ऑन स्पॉट सबक सिखाने की बात कह रहे थे। फिलहाल पुलिस ने समझाकर सभी को शांत किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

मानसिक रूप से है बीमार

स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि अजय मानसिक रूप से बीमार है। उसका रांची के एक अस्पताल में इलाज भी हुआ था। हाल में वह इलाज करवाकर लौटा है। इसके बाद से हमेशा घरवालों से लड़ाई-झगड़ा करता रहता था। सभी को हत्या करने की धमकी भी देता था। उसका कहना था कि संपत्ति बेचकर उसे उसके हिस्से का रुपये दे दिया जाए। माता-पिता इसके लिए तैयार नहीं थे। वे लोग जान रहे थे कि पैसा लेकर वह बर्बाद कर देगा। उन्होंने संपत्ति बेचने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर भी वह काफी आक्रोशित था।

घर में पहले जमकर पीटा

आरोपी की बहन ने बताया कि आज सुबह भी उसने रुपए मांगे थे, लेकिन माता-पिता ने देने से मना कर दिया। इसके बाद वह काफी उग्र हो गया। दोनों को बेरहमी से पीटने लगे। हाथ में जो सामान मिल रहा था। उसी से मारने लगता। इसी दौरान उसकी नजर गैस सिलेंडर पर पड़ी। उसने सिलेंडर उठाया और माता-पिता को उससे कूचने लगा। जिससे दोनों अधमरे होकर जमीन पर गिर गए। इतने से भी उसका मन नहीं भरा तो धारदार हथियार उठा लिया और आराम से बैठकर दोनों का गला रेत दिया। SDPO राजेश शर्मा ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

News Credit:- Dainik Bhaskar

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button